चौरासी मंदिर परिसर में स्थित नरसिंह भगवान मंदिर के बाहर रखे दान पात्रों को शनिवार की रात चोरों ने उड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान मंदिर का चौकीदार आसपास टहल रहा था जिससेे चोरों के इरादों पर पानी फेर दिया। चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने नरसिंह मंदिर के बाहर लगी ट्रांसफार्मर से रात को बिजली गुल कर सभी दान पात्रों को उठाकर अंधेरे में मंदिर के पिछली तरफ ले गये।
चोर अभी दान पात्रों को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे कि वहां पर मंदिर व पुरातत्व विभाग कार्यालय का चौकीदार पहुंच गया। चौकीदार को वहां आता देख चोर दान पात्रों को छोड़ वहां से भाग खड़े हुए। चौकीदार सुनील कुमार ने इसकी सूचना पुलिस व एसडीएम जितेंद्र कंवर को दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने मंदिर के दान पात्रों को उठाया और उसकी फोटोग्राफी भी की।
उपमंडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र कंवर ने भरमौर थाना प्रभारी को आदेश दिये कि मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जाए और रात के समय मंदिर में आने वाले सभी लोगों की जांच पड़ताल की जाए। इससे चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा सके। गौरतलब है कि बीते वर्ष भी मणिमहेश यात्रा के दौरान भी चढ़ावों के पात्रों पर इस तरह की सेंधमारी के प्रयास किए जाने के मामले सामने आए थे।
उधर, एसपी चंबा विरेंद्र तोमर ने बताया कि मंदिरों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जा रही है। सीसीटीवी को खंगालने पर अगर आरोपियों की पहचान हो गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।