चंबा-पठानकोट मार्ग पर परेल में शराब के एक निजी गोदाम में तिजोरी में रखे लगभग सवा नौ लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शक के आधार पर गोदाम में काम करने वाले पांच लोगों से इस बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि एएसपी चंबा विरेंद्र ठाकुर ने घटना स्थल पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया।
मामले की शुरूआती जांच में सामने आया है कि किसी ने गोदाम के अंदर तिजोरी में रखे लगभग सवा नौ लाख रुपये इधर-उधर कर दिए गए हैं। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की, लेकिन अफरा तफरी में घटना स्थल पर शुरूआती सबूत नष्ट हो चुके हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि किसी ने असली या नकली चाबी का इस्तेमाल कर तिजोरी में रखे पैसे निकाले हैं। इसकी जांच के लिए पुलिस डॉग स्कवायड का भी सहारा लिया जा रहा है।
इसी गोदाम से क्षेत्र के आसपास के इलाके में शराब की सप्लाई की जाती थी। लिहाजा कलेक्शन का पैसा घटना वाले दिन गोदाम में ही एक तिजोरी में रखा हुआ था। सुल्तानपुर चौकी के प्रभारी मनोज वालिया ने बताया कि अभी तक किसी पर मामला दर्ज नहीं किया गया है। क्योंकि शुरूआती पड़ताल में चोरी होने की पुष्टि होने के बाद ही पुलिस इस दिशा में कार्रवाई करेगी। उधर, इस मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है। इस कारण पुलिस पर इस मामले को जल्द सुलझाने का भी दबाव बना हुआ है। बहरहाल पुलिस इस दिशा में जांच में कोई कमी नहीं रख रही है।
एएसपी चंबा विरेंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जल्द ही इस मामले को सुलझा लेगी। शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। वहीं पुलिस साक्ष्य भी जुटाने में लगी हुई है। इस वारदात को अमलीजामा पहनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।