नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर डलहौजी और चंबा नगर परिषद को बचाने में कामयाबी हासिल की है। इन चुनाव में पहली मर्तबा चंबा शहर में भाजपा की सीटों की संख्या भी एक से बढ़कर तीन तक पहुंच गई है। जबकि चुवाड़ी में भी भाजपा ने बड़ी कामयाबी दर्ज करते हुए छह सीटें जीती हैं। चुवाड़ी के सात वार्डों में से कांग्रेस सिर्फ एक ही सीट जीत पाई है तो चंबा नगर परिषद में कई सालों के बाद भाजपा ने कांग्रेस के वोटों में सेंधमारी की है।
भाजपा को सुराड़ा और हरदासपुरा वार्ड पर जीत हासिल हुई है। यह दोनों ही वार्ड पूर्व में कांग्रेस के पास थे। जबकि हटनाला वार्ड में दोबारा से भाजपा का कब्जा हुआ है। हालांकि भाजपा पदाधिकारी इन दोनों वार्डों में उम्मीदवार बदल चुका था और अन्य दो प्रत्याशी मैदान में उतारे थे लेकिन दोनों ही उम्मीदवारों ने विद्रोह कर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। भाजपा के लिए चंबा में तीसरा वार्ड हरदासपुरा से आया है जहां धन्नो देवी ने चुनाव जीता है। जबकि इससे पूर्व भाजपा ग्यारह में से एक ही सीट पर जीत दर्ज करती रही है।
डलहौजी में हालात लगभग पुराने ही रहे हैं। यहां मनोज चड्ढा अपने समर्थकों सहित चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं। डलहौजी में कांग्रेस ने नौ में से सात सीटों पर कब्जा जमाया है। यहां भाजपा सिर्फ दो ही सीटें हासिल कर पाई है। पूर्व में भी यहां मनोज चड्ढा ही नगर परिषद के अध्यक्ष थे। जबकि चुवाड़ी में भाजपा ने सात में से तीन सीटें जीतकर बड़ी सफलता दोहराई है। यहां भाजपा की तरफ से पूर्व में नगर पंचायत अध्यक्ष रही संतोष कुमारी फिर से चुनाव जीत गई हैं।
चुवाड़ी में तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते हैं जबकि एक पर कांग्रेस को कामयाबी मिली है।
इनसेट...
विकास को गति देंगे : नैय्यर
उधर, कांग्रेस के प्रदेश सचिव पवन नैय्यर ने शहर में कांग्रेस की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में रुके पड़े विकास कार्यों को गति दी जाएगी। कांग्रेस के सभी पार्षद एकजुटता से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का भी चुुनाव कर लिया जाएगा।
इनसेट...
भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि : जय सिंह
वहीं, भाजपा चुनाव प्रभारी जय सिंह ने कहा है कि पहली बार चंबा शहर में भाजपा ने तीन सीटें हासिल की हैं। जबकि इससे पूर्व सिर्फ एक ही सीट पर जीत मिलती रही है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। लोग भाजपा की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। सदन में अब भाजपा सदस्य भी अपनी बात रख पाएंगे।