कबायली क्षेत्र भरमौर के लोगों को सर्दियों में बिना बिजली के रातें काटनी पड़ती हैं। दिसंबर, जनवरी व फरवरी माह में भरमौर में बिजली गुल होना आम बात है। इसकी मुख्य वजह भरमौर के लिए बिजली की सप्लाई पड़ोसी जिले से आना है। सर्दियों में बर्फ गिरने के कारण बिजली की मुख्य लाइन जिला मुख्यालय से भरमौर के बीच में कहीं न कहीं टूट जाती है। इससे कई दिनों तक बिजली गुल रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भरमौर में छोटे-बड़े बिजली प्रोजेक्टों की भरमार है। यहां पर उत्पादित बिजली की सप्लाई बाहरी क्षेत्रों को होती है।
इन प्रोजेक्टों की बिजली लाइनें भरमौर की अधिकतर पंचायतों के क्षेत्र से होकर गुजरती है। सर्दियों के दिनों में इन बिजली लाइनों में जरा भी खराबी नहीं आती है और सुचारु रूप से बिजली की सप्लाई होती है। लोगों ने प्रदेश सरकार से सर्दियों के महीनों में भरमौर के लिए बिजली की सप्लाई स्थानीय प्रोजेक्टों से देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों तिलक, रमेश, सुनील, राकेश, किशन, दिनेश कुमार, विनय कुमार, अजय, देवेंद्र कुमार ने बताया कि शीतकालीन महीनों में जनजातीय क्षेत्र के लिए स्थानीय प्रोजेक्टों से बिजली की सप्लाई होती है तो स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सर्दियों के महीनों में तहसील मुख्यालय सहित समस्त पंचायतों के लोगों को अंधेरे में सर्द रातें काटनी पड़ती हैं और मोबाइल सेट बंद हो जाते हैं। इससे लोग अपने रिश्तेदारों से संपर्क भी नहीं कर पाते हैं। भरमौर वासियों ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि इससे पहले सर्दियां संपूर्ण भरमौर को अपने आगोश में ले ले लोगों की इस मांग पर गौर फरमाया जाए।