विद्युत बोर्ड चंबा के पास बिजली मीटरों की कमी होने के कारण शहर में नए मीटर नहीं लग पा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से शहर के सैकड़ों लोगों ने अपने घरों में मीटर लगाने के लिए विद्युत बोर्ड के कार्यालय में आवेदन दिया हुआ है लेकिन विद्युत बोर्ड के कार्यालय में मीटर उपलब्ध नहीं हैं।
शहरवासियों का कहना है कि उन्होंने करीब बीस दिन पहले बिजली के मीटर के लिए आवेदन किया हुआ है। मीटर से संबंधित सभी विभागीय कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। इसके अलावा मीटर लगाने के लिए लगने वाली सिक्योरिटी के पैसे भी विद्युत बोर्ड के कार्यालय में जमा करवा दिए गए हैं लेकिन बीस दिन बीतने के बाद भी उनके घरों में मीटर नहीं लग पा रहे हैं। इस बात को लेकर शहर वासियों में भारी रोष है।
मौजूदा समय में मुगला, हरदासपुरा, करियां व शहर के अन्य वार्डों से लोगों ने मीटर के लिए आवेदन किया हुआ है लेकिन अभी तक उनके घरों में मीटर नहीं लगे हैं।
स्थानीय निवासी अजय कुमार, रमेश कुमार, विनोद कुमार, चंद राम, किशोर, मनोज कुमार और जय सिंह ने बताया कि जब वे मीटर के लिए संबंधित जेई के पास जाते हैं, तो उन्हें यह बोल कर टाल दिया जाता है कि मीटर लगा दिया जाएगा। कब लगाया जाएगा उसके बारे में नहीं बताया जाता। उन्होंने कहा कि घरों में मीटर नहीं लगने के कारण वे अपने नये घरों का मुहूर्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि शहर में बिजली के मीटर लगाने की उचित व्यवस्था करवाई जाए।
उधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि इन दिनों चंबा में मीटरों की कमी आई है। नए मीटरों की सप्लाई के लिए चंबा से गाड़ी भेज दी गई है। जल्द ही लोगों के घरों में मीटर लगा दिए जाएंगे।