कांग्रेस के किले में सेंधमारी चाह रही भाजपा के पास चंबा में दिग्गज उम्मीदवारों की कमी हो गई है। अब भाजपा की नजर कांग्रेस के उन बागी उम्मीदवारों पर है जो विरोध के बावजूद मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
नगर परिषद चुनाव के बाद अध्यक्ष पद के लिए होने वाले जोड़-तोड़ में भाजपा कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों पर दांव खेल सकती है। हालांकि इससे पूर्व भाजपा को नगर परिषद में सीटों की संख्या बढ़ानी होगी। पिछले चुनाव में भाजपा नगर परिषद में सिर्फ एक ही सीट जीतने में कामयाब हो पाई थी। उस समय पार्टी के लिए सुखद यह था कि अध्यक्ष व एक अन्य वार्ड में जीते प्रत्याशी पार्टी से तालमेल बनाकर चलते रहे। जबकि नौ वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव जीतकर नगर परिषद में पहुंचे थे।
कांग्रेस को इस बार आरक्षण की वजह से भारी उलटफेर सहना पड़ रहा है। जिस वार्ड में कांग्रेसी उम्मीदवार बड़े अंतर से जीते थे वो वार्ड आरक्षित हो गए हैं। अब इन वार्डों में पार्षद अपनी पत्नी या जानकार को खड़ा करने के लिए जोर लगा रहे हैं। जबकि इस बात से पिछले पांच सालों से मैदान पक्का कर रहे टिकट के चाहवान कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं।
भाजपा के पास नगर परिषद के इलाके में कोई नामी चेहरा नहीं है। ऐसे में भाजपा की नजर अब सिर्फ कांग्रेस की बगावत पर लगी है और कांग्रेस किसी भी सूरत में वार्ड में बगावत रोकने के लिए दांवपेंच लगा रही है। फिलहाल, नगर परिषद चुनाव के लिए 25 दिसंबर से नामांकन भरे जाने हैं और नामांकन का यह दौर 28 तक चलेगा। ऐसे में 28 के बाद नगर परिषद में चुनाव की पूरी तस्वीर सामने आ जाएगी।
इनसेट...
पार्षद की पत्नी लड़ सकती है आरक्षित वार्ड में चुनाव : नैय्यर
कांग्रेस प्रदेश सचिव पवन नैय्यर का कहना है कि वार्ड में उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं। जो वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं वहां से पार्षद पत्नियों को लड़ाने के पक्ष में है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता अपनी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करें, इसके प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई बगावत नहीं है।
इनसेट...
भाजपा का प्रदर्शन बढ़िया होगा : डीएस ठाकुर
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष डीएस ठाकुर का कहना है कि इस बार चंबा नगर परिषद में भाजपा ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश करेगी। जीत की उम्मीद वाले कार्यकर्ताओं का पार्टी समर्थन करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रदर्शन इस बार पूर्व के मुकाबले ज्यादा बढ़िया रहेगा।
इनसेट...
पार्टी का समर्थन मिले या नहीं चुनाव लड़ूंगी : कौर
वहीं, जुलाहकड़ी वार्ड से मैदान में उतरने का फैसला कर चुकी कुलदीप कौर का कहना है कि यह वार्ड महिला के लिए आरक्षित है और पार्षद पत्नी को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। जबकि उन्होंने पार्टी से उनका समर्थन करने का आह्वान किया है। यदि पार्टी का समर्थन न भी मिला तो भी वे चुुनाव लड़ेंगी।