भंजराड़ू में कोयले की गैस लगने से एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक बेसुध मिला। दोनों कोयले की अंगीठी जलाकर सो गए थे। बुधवार सुबह जब मकान मालिक ने देखा तो एक मृत पड़ा था और एक बेसुध था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक युवक की पहचान राजिंद्र कुमार (29) पुत्र कालू राम निवासी बनेटू, भलेई के रूप में हुई है जबकि बेहोश मिला युवक गणेश पुत्र कर्म चंद चंदेह, शेरपुर का रहने वाला है।
दोनों भंजराड़ू में कारपेंटर का काम करते हैं और यहां किराये के मकान में रह रहे थे। ठंड बढ़ने के कारण राजिंद्र और उसके साथी गणेश ने कोयले की अंगीठी जला रखी थी। इसी बीच दोनों सो गए। सुबह जब दोनों दुकान पर नहीं पहुंचे तो कुछ लोग काम के संबंध में उनसे मिलने उनके घर पहुंच गए।
उन्होंने मकान मालिक को सूचित किया। मकान मालिक ने दोनों को बहुत आवाजें लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने दरवाजा खोल दिया। देखा कि एक मृत हालत में पड़ा है और एक बेसुध है। बेहोश पड़े गणेश को उन्होंने उठाया और कमरे से बाहर लाए।
तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। एसएचओ अयज कपूर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने गणेश के बयान कमलबद्ध किए हैं। दोनों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
....
चंबा में होगा पोस्टमार्टम : एसपी
पुलिस अधीक्षक चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि भंजराडू में कोयले की गैस से एक व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चंबा भेजा गया है। जहां पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले किया जाएगा।