चंबा के चौगान नंबर एक में शीघ्र ही नई ताजी हरी घास नजर आएगी। इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को इस दिशा को प्रगति देने के लिए बाकायदा चौगान नंबर एक का सर्वे कार्य हुआ जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे में अब सर्दियों के पूरे मौसम में चौगान का कायाकल्प करने की प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जाएगा। पिछले कुछ समय की बात करें तो चंबा के चौगान में एक के बाद एक विभिन्न गतिविधियों के आयोजन से हरी घास पीली और बेजान पड़ गई है।
ऐसे में चौगान की गरिमा को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि इसकी देखरेख नियमित रूप से चलती रहे। इस प्रक्रिया के तहत पुरानी और बेजान घास को उखाड़ कर नई ताजी घास को रोपा जाएगा जो कि सर्दियों के बीतने के साथ-साथ अगली बसंत तक चंबा के चौगान को फिर हरियाली से भरपूर कर देगी।
इस संबंध में नप चंबा के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि चौगान की नियमित देखरेख प्रक्रिया के तहत इस कार्य योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।