चंबा-पठानकोट हाईवे पर निगम की बस से टकराकर शनिवार को एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक महिला समेत तीन लोग जख्मी हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। घायलों की पहचान चालक सुमित, चिंतन और प्रिंसी निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत स्थित पेट्रोल पंप से कुछ आगे चंबा से दिल्ली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से एक कार टकरा गई। बस से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार में तीन लोग सवार थे, जोकि घायल हुए हैं। बस और कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि टक्कर के बाद बस का टायर भी फट गया। हादसे के बाद बस में बैठी सवारियां और अन्य राहगीर वहां एकत्रित हो गए। जिन्होंने घायलों को खाई से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी एनएचपीसी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को घर भेज दिया गया है।
गनीमत यह रही इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने घायलों के बयान दर्ज किए। साथ ही दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू की। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बनीखेत के पास एक बस और कार में भिड़ंत होने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।