तलाई गांव में खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर भालू ने हमला बोल दिया। जिससे एक महिला व पुरुष घायल हो गये। शुक्रवार को शाम के समय जब तलाई गांव में ग्रामीण अपने खेतों में मक्की की फसल की बिजाई कर रहे थे। उसी दौरान साथ लगते जंगल से एक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
इस दौरान भालू ने एक महिला व एक पुरुष को अपना शिकार बनाया। उसके बाद गांव वासियों ने इकट्ठा होकर डंडों की सहायता से भालू को वहां से भगाया। गनीमत रही कि हमले में किसी की भी जान नहीं गई। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन इस घटना में अंगत पुत्र डीहणु राम निवासी गांव तलाई (70) और पंजकू पत्नी देश राज निवासी गांव तलाई डाकघर दरेकड़ी बुरी तरह से जख्मी हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में लाया गया। जहां पर डॉक्टर द्वारा उनका उपचार किया गया। स्थानीय निवासी टेक चंद, राम प्रसाद, ओम प्रकाश, देवी सिंह, नुरध राम, प्यार सिंह, होशियारा राम, मान सिंह, चतर सिंह और रमेश कुमार ने बताया कि तलाई गांव में भालू का आतंक बढ़ता जा रहा है। लोग अपने खेतों में काम करने से परहेज कर रहे हैं। खेतों पर काम करते समय समय भालू के हमले का डर बना रहता है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से आग्रह किया है कि रिहायशी इलाकों से भालू को दूर किया जाए ताकि ग्रामीण बिना किसी डर से अपने खेतों में काम कर सके। उधर, मुख्य चिक्तिसा अधिकारी डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में भालू के हमले से घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिओ लाया गया। जहां पर डॉक्टर द्वारा उनका उपचार किया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।