चंबा-तीसा मार्ग में कियाणी नामक स्थान पर निगम की एक बस और सरकारी वाहन आपस में जा टकराए, जिससे दोनों वाहनों को नुकसान तो हुआ है लेकिन दोनों वाहनों में बैठी सवारियों को किसी तरह की कोई चोट नहीं आई है।
मामले की भनक मिलने पर चंबा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक दोनों वाहन चालकों का आपस में समझौता हो चुका था। इस सारी प्रक्रिया के चलते चंबा-तीसा मार्ग पर कियाणी में लगभग दो घंटों तक दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा है। बताया जा रहा है कि एचआरटीसी की अथेड़ चंबा रूट की बस से जो सरकारी वाहन भिड़ा था वह खंड विकास अधिकारी सलूणी का था। वाहन के टकराते समय बीडीओ सलूणी भी वाहन में बैठे हुए थे।
फिलहाल यह हादसा क्यों और कैसे हुआ, इसका पता नहीं लग पाया। दोनों पक्षों की ओर से समझौता होने के बाद पुलिस भी इस मामले में कुछ खास नहीं करवाई। लिहाजा हादसे के बाद दोनों ओर से लगे लंबे जाम को खुलवाने में जरूर पुलिस की मौजूदगी काम आई। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि इस घटना से किसी सवारी को चोट नहीं आई है।