तीसा के बनोटू में दो वनकाटू धरे
कैल के पेड़ को अवैध रूप से काटने पर पुलिस के हवाले किए
काटे गए पेड़ की बाजार में कीमत 88000 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)।
तीसा में वन विभाग की टीम ने वन काटुओं को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। सतनाला के पास बनोटू में दो लोग रविवार रात को कैल का पेड़ अवैध रूप से काट रहे थे। इसकी भनक वन विभाग को लग गई। वन विभाग की टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ बनोटू में अपनी दबिश दी। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां पर निर्मल पुत्र सिंह भगियास और होशियारू पुत्र दुर्गा निवासी बैरागढ़ कैल के पेड़ को काट रहे थे। वन विभाग की टीम को अपने सामने देख दोनों वहां से भागने की कोशिश करने लगे परंतु विभागीय टीम ने दोनों को दबोच लिया। साथ ही पेड़ों को काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तेजधार हथियारों को भी जब्त कर लिया। वन काटुओं को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। दोनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। काटे गए कैल के पेड़ की मार्केट वेल्यू 88 हजार रुपये है। वन विभाग की टीम में वनपाल भगत राम, महिंद्र जसरोटिया, वन रक्षक विशाल टंडन, देवीकोठी बीट का चौकीदार पान चंद शामिल थे।
...
दो लोगों को अवैध रूप से पेड़ काटते हुए पकड़ा
वन पालक भगत राम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दो वन काटुओं को पकड़ा गया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि वनों के अवैध कटान को रोकने के लिए विभाग काफी मुस्तैद है।
000