अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। लोक निर्माण विभाग के रेस्टहाउस के समीप पार्क की गई मोटरसाइकिल पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। जब मोटरसाइकिल मालिक ने सोमवार सुबह मौके पर जाकर देखा तो उसके पांव तले जमीन ही खिसक गई। मोटरसाइकिल को आसपास के एरिया में तलाश करने के बाद थक हार कर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस चौकी चंबा में दे दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अपनी तरफ से मोटरसाइकिल की तलाश शुरू कर दी है।
प्रभावित विनोद कुमार शर्मा पुत्र भगत राम शर्मा निवासी भियोड़ पंचायत उटीप ने पुलिस चौकी चंबा में तहरीर दी है कि उसने अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा पैशन प्लस अपने छोटे भाई विजय कुमार शर्मा को चलाने के लिए दी। शुक्रवार को रोजमर्रा की तरह विजय कुमार शर्मा ने मोटरसाईकिल लोनिवि के रेस्ट हाउस के समीप पार्क की। सोमवार की सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए जब वे मोटरसाइकिल लेने के लिए रेस्टहाउस के समीप पहुंचे तो बाइक को वहां न देख हक्के-बक्के रह गए। उन्होंने आसपास मोटरसाइकिल की तलाश की। फिर उन्होंने पुलिस चौकी चंबा में मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस कर रही मोटरसाइकिल की तलाश
एससी चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी होने के बारे में शिकायत मिली है। शिकायत पर पुलिस अपने स्तर पर मोटरसाइकिल की तलाश में जुट गई है।