चंबा। सदर पुलिस ने चंबा-पठानकोट मार्ग पर बालू पुल के पास तीन किलो 104 ग्राम चरस बरामद की है। हालांकि आरोपी पुलिस को देखकर चरस से भरे बैग को सड़क पर फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बालू पुल के पास कोई चरस की खेप लेकर गुजरने वाला है।
इसी आधार पर पुलिस ने बालू पुल के पास नाका लगाया। नाके के दौरान हर आने-जाने वाले की तलाशी ली जा रही थी। सुबह करीब 9:15 मिनट पर पठानकोट की तरफ से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तेज गति से आई। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा भी किया। बावजूद इसके चालक तेज रफ्तार से वहां से गुजरना और चरस का बैग फेंक दिया। इसके बाद वह कॉलेज नाला की तरफ तेज रफ्तार से बाइक भगाकर ले गया। पुलिस ने चश्मदीदों के सामने बैग को खोलकर चैक किया तो उसके भीतर से तीन किलो 104 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस मोटरसाइकिल सवार की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर बालू पुल के साथ ही नाका लगाया था। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार की तलाश में जगह-जगह नाकाबंदी की है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।