अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चार सालों से पुलिस की आंखों को चकमा देकर फरार उद्घोषित अपराधी को चंबा पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस उद्घोषित अपराधी की कई सालों से तलाश कर रही थी। मगर वह बार-बार ठिकानें बदल रहा था। इस वजह से पुलिस उस तक नहीं पहुंच पा रही थी। बुधवार को सुबह के समय चंबा पुलिस को उसके ठिकाने की सूचना मिली। पुलिस ने सुनियोजित तरीके एसएचओ प्रशांत ठाकुर की अगुवाई में सूचना के आधार पर दबिश दी। इससे पहले कि उद्घोषित अपराधी मौके से फरार होता, पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस उद्घोषित अपराधी को कोर्ट में पेश करने के लिए ले गई।
जानकारी के अनुसार विपिन कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव जांघी तहसील और जिला चंबा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसको लेकर उसकी चंबा कोर्ट में पेशी भी चल रही थी। मगर वह नियमित रूप से पेशियों पर नहीं आ रहा था। सुनवाई पर बुलाने के लिए कोर्ट ने उसे समन भी जारी किए। मगर उसने समन की अनदेखी करते हुए पेशी पर जाना मुनासिब नहीं समझा। इसके चलते कोर्ट ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दे दिया है। इसके साथ ही पुलिस को उसकी तलाश करने की जिम्मेवारी सौंपी। पुलिस ने उसकी तलाश को लेकर जगह-जगह छापेमारी की। मगर उसका कहीं पर कोई सुराग नहीं लग रहा था। बुधवार को पुलिस ने उसके ठिकाने तक पहुंचने में सफलता पाई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने उद्घोषित अपराधी को पकड़ा है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।