अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। तुन्नूहट्टी बैरियर पर पुलिस ने एक राहगीर को 50 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चरस को जब्त करने के साथ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को पुलिस टीम ने तुन्नूहट्टी चेक पोस्ट पर नाका लगाया था।
इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हाथ में एक बैग लिए राम लाल निवासी गांव पलोग डाकघर गनेड़ सामने से आ रहा था। जो पुलिस को देख वहां से भागने लगा। इससे पुलिस को उसके ऊपर शक हो गया। इस आधार पर जब पुलिस ने उसे पकड़ा और बैग की तलाशी ली, तो इससे पचास ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को जब्त करने के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर चरस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश भी कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि चरस के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।