चुवाड़ी (चंबा)। वन मंडल डलहौजी के तहत ग्राम पंचायत तुन्नुहट्टी के गांव ढगोह में पेड़ों को बड़ पैमाने पर अवैध रूप से काटने का मामला सामने आया है। वन काटुओं ने करीब सौ पेड़ रात के अंधेरे में काट डाले हैं। बताया जा रहा है कि यह अवैध कटान काफी समय से चल रहा है। बावजूद इसके वन विभाग को इसकी कानों कान कोई खबर नहीं लगी। ऐसा नहीं कि जहां कटान हुआ है दुर्गम क्षेत्र है। जहां अवैध कटान हुआ है यह स्थान सड़क से करीब एक किलोमीटर ही दूर है। मगर इस बात की किसी को भी भनक नहीं लग पाई है। सूत्रों के मुताबिक कटान को करीब दस लोगों ने अंजाम दिया है। बताया यह भी जा रही है कि इन पेड़ों को काट कर कोयले भी भट्ठियां लगाई जा रही हैं और यहां से तैयार हो रहा कोयला अलग-अलग क्षेत्रों में बेचा जा रहा है। जानकारी के अनुसार वन काटुओं ने शिशम, कामल सहित अन्य प्रजातियों के करीब सौ पेड़ों को काटा है। गौरतलब है कि जिला में वन कटान के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इससे पहले अल्हमी बीट में भी अवैध कटान का मामला सामने आया है। इसके अलावा अन्य अवैध कटानों को लेकर भी पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। मगर अभी तक अवैध रूप से वनों के कटान पर लगाम कसती नहीं दिख रही है।
स्थानीय निवासी हंसराज, गुड्डी देवी, प्रवीण कुमार और राजकुमार ने बताया कि यहां पिछले कई दिनों से अवैध कटान चल रहा है। मगर अभी तक संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
अवैध कटान करने वालों पर होगी कार्रवाई : कटोच
वन मंडल अधिकारी डलहौजी राकेश कटोच ने बताया कि इस मामले की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कटान करने वालों पर होगी कार्रवाई : विक्रम जरयाल
भटियात विधायक विक्रम जरयाल का कहना है कि इस मामले को लेकर सूचना मिली थी। इसके आधार पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने बात की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह छानबीन कर रहे है। अगर ऐसा पाया जाता है तो कानूनी कार्रवाई होगी।