चंबा। जिला पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 12.12 ग्राम चिट्टा, 1.39 ग्राम चरस और 280 नशे के कैप्सूल (स्पैस्मो प्रोक्सीवोन प्लस) और वेटिंग मशीन भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 21, 22 तक के मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मनीत गुलाटी निवासी मोहल्ला जुलाहकड़ी तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को पुलिस चौकी की टीम भरमौर चौक के समीप गश्त पर था। इसी दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग कार्यालय के साथ लगती पार्किंग की तरफ एक व्यक्ति खड़ा देखा। वह पुलिस को देखकर घबरा गया। व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन, पुलिस दल ने इस व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस ने व्यक्ति से नाम व पता पूछा।
व्यक्ति ने अपना नाम मनीत गुलाटी निवासी मोहल्ला अपर जुलाहकड़ी बताया। तलाशी के दौरान आरोपी से एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत डीएसपी (हेडक्वार्टर) चंबा की अगुवाई में मनीत की जेब की तलाशी ली गई। इस दौरान जेब से एक रुमाल बरामद हुआ। इसके भीतर 2.39 ग्राम चरस और एक भूरे रंग का पदार्थ (जो फॉयल पेपर में लपेटा था) पाया गया।
पुलिस ने ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की और यह चिट्टा पाया गया। इसकी मात्रा 1.11 ग्राम पाई गई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर में भी दबिश दी। घर में तलाशी के दौरान यहां से 11.1 ग्राम चिट्टा, 280 कैप्सूल और एक वेटिंग मशीन बरामद की गई। आरोपी के कब्जे से कुल 12.12 चिट्टा, 1.39 ग्राम चरस और 280 नशे के कैप्सूल बरामद भी हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान छेड़ा है। इसके तहत यह कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।