चंबा। चंबा-पठानकोट मार्ग पर सुल्तालपुर के पास शुक्रवार देर रात एक मोटरसाइकिल बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में चालक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने लोगों की मदद से बाइक सवार को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। मगर यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जानकारी अनुसार तजवीज सिंह (44) पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी क्लीयूं पंचायत जड़रा निजी बस में चालक था। शुक्रवार शाम साहो बस स्टैंड में बस को खड़ाकर तजवीज सिंह किसी काम के सिलसिले में बाइक लेकर चंबा आया था। शुक्रवार देर रात बस स्टैंड चंबा से वह बाइक को लेकर घर के लिए निकला। कसाकड़ा न्यू बस स्टैंड से कुछ ही किलोमीटर की दूरी तय कर सुल्तानपुर पहुंचने पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली के खंभे का एक हिस्सा टूट गया और बिजली का खंभा जमीन से भी हिल गया।
इस टक्कर से बाइक सवार चालक दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने घटना की सूचना सुल्तानपुर पुलिस चौकी में दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि बाइक दुर्घटना में चालक की मौत हो गई है। इस बारे में जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।