अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
साहो इलाके के पल्यूर गांव में व्यक्ति पर हुए धारदार हथियार से हमले के मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। शुक्रवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एडीएम चंबा बलवीर ठाकुर से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने पर रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर बाकी आरोपियों की गिरफ्तार करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्लयूर में अनवर शेख पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर तेजधार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। इस मामले में अब तक पुलिस ने पांच ही आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले अहम आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को जब पुलिस इस मामले की तहकीकात को लेकर एक व्यक्ति को साथ लेकर गई। ग्रामीणों ने इस व्यक्ति को भी मुख्य आरोपी बताया है और उसे तुरंत गिरफ्तार करने का आग्रह एडीएम से किया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस वारदात के बाद ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिनों उन्होंने प्रदर्शन इसलिए नहीं किया क्योंकि, विस चुनावों का माहौल था। लेकिन इस वारदात को लेकर अब पुलिस व प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करता है तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे और उग्र प्रदर्शन करेंगे।
अब तक पांच गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के 24 घंटों के भीतर मोहम्मद अरशद पुत्र स्व. अब्दुल कयूम निवासी सुरंगानी, मोहम्मद शाहिद पुत्र अब्दुल कयूम निवासी सुरंगानी, दीप कुमार पुत्र हरी सिंह निवासी सुरंगानी, कमल कुमार पुत्र हरी सिंह निवासी सुरंगानी और केवल कुमार पुत्र रविंद्र कुमार निवासी गांव संबल डाकघर सुरंगानी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अनवर को बचाने के लिए एक अन्य ग्रामीण शहाबुदीन जब वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उसके चार दांत तोड़ दिए। शहाबुदीन का उपचार चंबा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
सुनियोजित थी वारदात
एडीएम को ग्रामीणों ने बताया कि वारदात सुनियोजित थी। दो दिन पहले ही एक व्यक्ति ने इस बारे धमकी दी थी। इस मामले को लेकर गहनता से छानबीन करने का आग्रह ग्रामीणों ने किया है।