अमर उजाला ब्यूरो
डलहौजी (चंबा)। बनीखेत में बुधवार को हुई बीएसएनएल की केबल चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध चोर की तलाश भी शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने चोर की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज जारी कर लोगों से चोर को पकड़वाने में मदद करने की बात कही है।
जानकारी अनुसार बनीखेत में स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास बुधवार रात एक शातिर चोर ने बीएसएनएल की केबल को काटकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तफ्तीश में पाया कि वहां पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। जिसको खंगाल ने पर उसमें देखा गया कि एक अज्ञात शख्स ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फुटेज में देखा जा रहा है कि अज्ञात चोर कैसे बीएसएनएल की केबल को काटकर चंपत हो गया। जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की खोजबीन में जुट गई। लेकिन आरोपी की अस्पष्ट पहचान होने से अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। डीएसपी सागर चन्द्र ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि अगर व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले युवक को पहचानता हो तो थाना डलहौजी के फ़ोन नंबर 01899242126 या चौकी बनीखेत के फ़ोन नंबर 01899254269 पर या उनके मोबाइल नंबर 9418320803 पर सूचित कर सकता है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे उचित इनाम भी दिया जाएगा।