अमर उजाला ब्यूरो
तीसा(चंबा)। तरेला-मंगली सड़क तरेला नाले के पास एक टिपर दुुर्घटनाग्रस्त होने से चालक समेत चार लोग घायल हो गए। इनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बौंदेड़ी में किया गया। यह हादसा अस्थायी रास्ते से टिपर के गुजरते समय पेश आया। हादसे में ट्रक में सवार सभी लोगों को मामूली चोट आई हैं। इसकी वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अन्यथा जानमाल का भी नुकसान हो सकता था। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस में भी इस मामले को दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार एक टिपर मंगली से तरेला की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तरेला नाले के पास लोनिवि के बनाए अस्थायी रास्ते से गुजरते समय अनियंत्रित होकर टिपर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे के बाद एकत्रित हुए लोगों ने घायलों को सड़क तक पहुंचाया। यहां से उन्हें निजी वाहन के जरिये उपरोक्त स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। यहां पर उनके जख्मों का उपचार किया गया। सभी लोग सुरक्षित हैं।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि चंबा-तीसा-साच मार्ग पर स्थित जोत में बर्फ के पिघलने के बाद तरेला नाला में जलस्तर बढ़ जाता है। इसके अलावा तरेला नाला पर पुल निर्माण का कार्य चलने की सूरत में वहां पर अस्थायी रास्ते का निर्माण करवाया गया है। इसी रास्ते गुजरते वक्त टिपर चालक का वाहन से नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ है।