तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत बघेईगढ़ के चचोगा गांव में विधवा का मकान आग की भेंट चढ़ गया। आग इतनी भयंकर थी मकान के भीतर रखा सामान भी नहीं बचा। आग से सामान समेत राशन भी जलकर स्वाह हो गया। आगजनी में महिला को करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से महिला को दस हजार रुपये सहायता प्रदान की गई है। इसके साथ ही सिर छुपाने के लिए टेंट और राशन की व्यवस्था की गई है। गनीमत रही विधवा और उसका परिवार आग की चपेट में आने से बच गया। मकान नारो पत्नी स्वर्गीय गुरदित्ता का है। जो अपने परिवार सहित यहां रहती थी।
हादसा बुधवार रात के समय करीब सात बजे हुआ। जब पूरा गांव दिवाली की खुशियां मनाने में मशगूल था। इसी दौरान नारो के मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच आग को बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दे दी। तीसा से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां आग को बुझाने मौके पर पहुंची। एक गाड़ी एनएचपीसी की भी बुलाई गई। तीनों गाडियों ने मकान में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से चंबा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुला लिया था। इन्हें बीच रास्ते से वापिस भेज दिया गया। क्योंकि इससे पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। एसडीएम तीसा हेम चंद वर्मा आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। जोकि आग बुझने तक मौके पर डटे रहे।
एसडीएम हेम चंद वर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवार को टेंट और राशन के साथ सहायता राशि प्रदान की गई है। एक माह के भीतर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया घर भी बनाकर दिया जाएगा।