सलूणी(चंबा)। लॉकउाउन के दौरान पुलिस ने सलूणी क्षेत्र के रिहायशी मकानों में अवैध रूप से रखी शराब बरामद की है। दबिश के दौरान पुलिस ने 323 बोतलें देसी और 31 बोतलें बीयर की पकड़ी है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई डीएसपी सलूणी की अगुवाई में की।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने राहुल कुमार निवासी गांव संघणी में रिहायशी मकान में दबिश दी। इस दौरान 304 बोतलें देसी और 31 बोतलें बीयर की बरामद की। दूसरे मामले में महिंद्र सिंह निवासी गांव दीगोडी डाकघर भांदल के रिहायशी मकान में दबिश के दौरान पुलिस ने 19 बोतलें देसी शराब की बरामद की। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। दोनों व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना किहार में मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि लॉकडाउन के चलते जिले में शराब की बिक्री पर रोक लगी है। मगर कुछ लोग चोरी छिपे अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने दबिश देकर दो रिहायशी मकानों से अवैध रूप से शराब बरामद की है।