चंबा। लाहडू बैरियर पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को 0.41 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मादक पदार्थ द्रव्य अधिनियम की धारा 21, 25, 29 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181 व 196 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार रात को लाहडू बैरियर पर तैनात पुलिस दल नियमित रूप से आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहा था। उसी दौरान एक मोटरसाइकल नंबर पीबी 35 एएफ 4907 नूरपुर से चंबा की तरफ जा रहा था। बाइक पर दो युवक सवार थे। लाहडू बैरियर पर तैनात पुलिस दल ने चेकिंग के लिए बाइक को रोका। पुलिस को देख दोनों युवक हड़बड़ा गए।
पुलिस ने उनसे पूछा कि वे रात को कहां जा रहे हैं तो वे हड़बड़ाहट में जवाब देने लगे। इससे पुलिस को दोनों युवकों पर शक हो गया। पुलिस ने शक के आधार पर युवकों की तलाशी ली तो एक युवक की जेब से 0.41 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। युवकों की पहचान पारस ओबराय गांव व डाकघर बनीखेत और अमीन खान निवासी वार्ड नंबर-3 त्रिमठ तहसील चुवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चुवाड़ी थाने में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि लाहडू बैरियर पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।