चांजू (चंबा)। चांजू नाले में बहे बाइक सवार का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजन व रिश्तेदार नाले में ढूंढते रहे। ठंड की परवाह किए बगैर परिजन नाले के तेज बहाव में खुद को रस्सी से बांधकर तलाश करते रहे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार को नाले का पानी मटमैला था। इस कारण भी युवक की तलाश करने में काफी दिक्कत हुई।
तीन दिन पहले चांजू नाले के पास दुर्घटना हुई थी। तीन लोग बाइक पर सवार थे। एक सवार सड़क पर ही गिर गया। जबकि दो सवार बाइक के साथ नाले में गिर गए। एक का शव घटनास्थल से ढाई किमी दूर नाले में बरामद हुआ। जबकि एक युवक अभी भी लापता है। तलाश को पुलिस व ग्रामीण सर्च अभियान चला रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें कामयाबी नहीं मिली है। डीएसपी रामकरण राणा ने बताया कि चांजू नाले में बहे बाइक सवार का अभी तक पता नहीं लगा है। सर्च अभियान जारी है। रविवार को दिनभर सर्च अभियान चलाया गया। सोमवार को भी तलाश जारी रहेगी।