चंबा। शहर में बिना रेट लिस्ट सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं पर शिकंजा कस दिया गया है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा की टीम ने शनिवार को दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीस दुकानों में दबिश दी गई। इनमें 12 दुकानों में रेट लिस्ट नहीं पाई गई।
टीम ने दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देकर छोड़ा। निर्देश दिए हैं कि अगर दोबारा उनकी दुकानों में लिस्ट नहीं पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना भी किया जाएगा। इसके अलावा पालिथीन का प्रयोग करने वाले छह दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई है।
विभागीय टीम ने दुकानदारों से 5500 रुपये जुर्माना वसूल किया है। विभाग की इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मचा रहा। जानकारी के अनुसार औचक निरीक्षण के दौरान निरीक्षण चंबा संजय कुमार, निरीक्षक मैहला मनोज कुमार और और निरीक्षक भटियात रणवीर सिंह मौजूद रहे। गौरतलब है कि विभाग को काफी समय से यह शिकायतें मिल रही थी कि शहर में बिना रेट लिस्ट के सब्जी विक्रेता सामान बेच रहे हैं। बहरहाल, विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने की योजना बनाई। इसके तहत शहर की हर दुकान में जाकर निरीक्षण किया गया, जहां 12 दुकानों में रेट लिस्ट नहीं पाई गई। दूसरी तरफ, इन दिनों सब्जियों के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। ऐसे में बिना रेट लिस्ट के लोगों को चूना लग रहा था।
कार्यवाहक जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक चंबा पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि तीस दुकानों में जाकर रेट लिस्ट जांची गई। कहा कि 12 दुकानों में रेट लिस्ट नहीं पाई गई। कहा कि छह दुकानदारों को पालिथीन का प्रयोग करने पर जुर्माना किया गया है।