चंबा के रैनोला गांव में हुई गोहत्या के विरोध में होली के व्यापारियों ने होली बाजार बंद रखा। इसके अलावा सभी व्यापारियों ने बाजार में एकत्रित होकर गोहत्या के विरोध में एक रैली का भी आयोजन किया। रैली के दौरान गोहत्या के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की कई। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।
यह विरोध रैली होली बाजार से होते हुुए उपतहसील कार्यालय होली में जाकर समाप्त हुई। तहसील कार्यालय में तैनात अधिकारी को गोहत्या के विरोध में एक ज्ञापन भी दिया गया। व्यापार मंडल होली के अध्यक्ष राकेश ने बताया कि चंबा में हिंदु मुस्लिम भाई चारा एक मिसाल के रूप में देखा जाता है। ऐसे में गाय की हत्या करना काफी निंदनीय है। ऐसे घिनौने कार्य को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में दोबारा से कोई भी ऐसी घटना को अंजाम नहीं दे सके।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गोहत्या के पूरे मामले की छानबीन की जाए। साथ ही इस मामले में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मौके पर रविंद्र कुमार, पूर्ण चंद, चमन लाल, ठाकुर सिंह, जय सिंह, राज कुमार और प्रितम सिंह सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।