चंबा। सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों का कोरोना टेस्ट करवाने के बाद ही ओपीडी में तैनात चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं। इतना ही नहीं बिना मास्क के किसी को भी मेडिकल कॉलेज चंबा में प्रवेश करने से पहले कोविड नियमों के बारे में जरूरी परामर्श दिया जा रहा है। जिले में कोरोना के रोजाना बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग प्रबंधन की ओर से यह निर्णय किया गया है। हालांकि कई बार तैनात स्टाफ की लोगों के साथ नोकझोंक तक हो रही है लेकिन जनहित के लिए कार्य कर रहे कर्मचारी वर्ग लोगों का मार्गदर्शन करते साफ दिख रहे हैं।
गौर रहे कि जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। चंबा की बात की जाए तो वर्तमान समय में जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 73 पहुंच गया है। इतना ही नहीं रोजाना जांच के लिए 250 से 350 तक सैंपल स्वास्थ्य विभाग की ओर से एकत्रित किए जा रहे हैं। इनमें रैट के तहत जांच किए जाने वाले सैंपलों की संख्या अधिक है। अब तक जिले में 4,56,823 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 18,367 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 18,113 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। इतना ही नहीं जिले में 179 लोग कोरोना से अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि सदी-खांसी-जुकाम से पीड़ित आने वाले मरीजों को कोरोना टेस्ट करवाने का परामर्श दिया जा रहा है। कहा कि लोगों के सहयोग से ही इस महामारी को फैलने से रोका जा सकता है।