चंबा। जिले में मंगलवार से लॉकडाउन का पालन करवाने के लिए नियम और भी सख्त होंगे। सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद करने के लिए तीन रिजर्व बटालियन सहित जिला पुलिस अब मोर्चा संभालेंगी। जिले के लोगों को वैश्विक महामारी के बारे में जागरूक करने के लिए 72 घंटे तक ही ढिलाई दी गई। इसके तहत अब मंगलवार से जिले में लॉकडाउन का पालन करवाने के लिए पुलिस विभाग सख्ती करेगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये पुलिस उपनिरीक्षक उत्तरी खंड सुमेधा द्विवेदी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन कर ही लोग इस महामारी से बच सकते हैं। जिले में अब तक 161 लोगों के खिलाफ नियमों का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इनमें होम आइसोलेशन के नियम को तोड़ने वाले 46 लोग भी शामिल हैं। कहा कि अब तक 389 वाहनों को पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने निर्धारित शादी समारोह में 20 से अधिक लोगों के शामिल होने पर चार जगह पर केस बनाए हैं। लॉकडाउन के दौरान भी दुकानदारों को नियमों का पालन करना होगा।
दुकानदार अपनी दुकानों में सैनिटाइजर रखना सुनिश्चित करें। दुकानों के बाहर सर्किल बनाकर ही ग्राहकों को उसमें खड़ा कर सामान दें। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने कहा कि जिले के लोगों से बार-बार कोविड नियमों का पालन करने के बारे में आग्रह किया जा रहा है। पुलिस जवान कोविड काल में लोगों की सुरक्षा के लिए ही तैनात है। ऐसे में सभ्य नागरिक होने का भी लोग फर्ज निभाते हुए लॉकडाउन में घरों से बाहर न निकलें।