होली (चंबा)। एक तरफ जहां सरकार और प्रशासन कोरोना संक्रमण की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए जहां कड़े नियम लागू कर रहे हैं तो वहीं, होली बाजार में कुछ लोग कोरोना कर्फ्यू के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सोमवार को लोग कर्फ्यू ढील से आधा घंटा पहले ही होली बाजार में पहुंच गए। हालांकि, पुलिस की ओर से लोगों से पूछताछ की गई लेकिन लोग अस्पताल का बहाना बताकर बाजार में घूमते रहे और दोपहर तक बाजार में खासी भीड़ रही।
लोगों का तर्क है कि निजी परियोजनाओं के वाहन धड़ाधड़ दौड़ रहे हैं लेकिन आम लोगों को रोका जा रहा है। कुल मिलाकर होली बाजार में उमड़ी भीड़ से कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा मंडरा गया है। गौरतलब है कि जिले में करीब दो सप्ताह से कोरोना की रफ्तार अनियंत्रित होकर बढ़ी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण काफी हद तक बढ़ा है।
सरकार और प्रशासन की ओर से संक्रमण को रोकने के लिए जहां पहले कोरोना कर्फ्यू लगाया तो वहीं, अब कोरोना कर्फ्यू में बंदिशों को बढ़ा दिया है। लेकिन लोग अभी भी सरकार और प्रशासन के दिशा निर्देशों को दरकिनार कर रहे हैं। नायब तहसीलदार ठांठू राम का कहना है कि होली बाजार में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। कहा कि पुलिस कर्मियों को नियमानुसार कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि इस विकट परिस्थितियों में घरों से बाहर न निकलें और सरकार व प्रशासन के नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनाएं।