Corona vaccine will be taken 24 hours in 12 health institutions of the district
चंबा। जिले के 12 स्वास्थ्य संस्थानों में 24 घंटे कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीमों का गठन किया है। बारी-बारी से टीमें 24 घंटे अपनी ड्यूटी देंगी। चंबा में कोरोना टीकाकरण पचास प्रतिशत ही पूरा हुआ है। इसे सौ प्रतिशत करने के लिए जिला प्रशासन और विभाग ने विशेष योजना तैयार की है। चंबा मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली, बाथरी, समोट, साहो, सिविल अस्पताल भरमौर, डलहौजी, चुवाड़ी, तीसा, किहार, किलाड़ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुंडला में यह व्यवस्था की गई है। लोग किसी भी समय इन स्वास्थ्य केंद्रों में कोरोना वैक्सीन की डोज लगवा सकते हैं।
गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी डोज लगवाने के लिए लोग स्वास्थ्य केंद्रों में कम संख्या में पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से दूसरी डोज का लक्ष्य पूरा करने में विभाग को दिक्कत हो रही है। लोग खेतों और विवाह शादियों में व्यस्त होने के कारण दूसरी डोज लगवाने नहीं पहुंच रहे हैं, इसलिए 24 घंटे वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई है। दिन-रात कोरोना की पहली और दूसरी डोज लगाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि सौ प्रतिशत कोविड टीकाकरण के लिए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने अठारह वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है।