चंबा। जिले में अब कोविड निगरानी समिति की अनुमति के बिना कोई भी राजनीतिक और अन्य समारोह नहीं हो सकेगा। समारोह करवाने से पहले कोविड निगरानी समिति से अनुमति लेनी होगी। यह बात शनिवार को उपायुक्त डीसी राणा ने जिला स्तरीय कोविड- निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि शादी, मुंडन और धाम के के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम से परमिशन लेनी होगी। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने एसडीएम और खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड की वर्तमान स्थिति पर वर्चुअल माध्यम से चर्चा की। उपायुक्त ने जोर दिया कि वैक्सीनेशन और टेस्टिंग पर बल देने के लिए खंड विकास अधिकारी पंचायत स्तर पर गठित टास्क फोर्स समिति के साथ समन्वय स्थापित करें।
उपायुक्त ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में कोविड के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। शादी और अन्य सामाजिक समारोहों से संक्रमण फैल रहा है। उन्होंने फ्लाइंग स्क्वायड को निर्देश जारी करते हुए कहा कि हर समारोह पर नजर रखी जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे लोग सार्वजनिक स्थानों पर घूमते हुए मिलते हैं तो उन्हें तुरंत डीसीसी में भर्ती करें। इनके खिलाफ केस भी किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और जिला कोविड- निगरानी समिति के सदस्य पंकज गुप्ता ने निर्देश देते हुए कहा कि टैक्सी चालकों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों को वैक्सीन लगाने पर जोर दिया जाए।