क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में बुधवार देर शाम रात्रि ड्यूटी पर तैनात नेत्ररोग विशेषज्ञ से मारपीट के आरोपी पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। वीरवार को डॉक्टरों के साथ चली बैठकों के कई दौर के बाद पुलिस ने यह निर्णय लिया।
दोपहर 12 बजे तक डॉक्टर एसोसिएशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के बीच बैठकें होती रहीं। डॉक्टर कांस्टेबल को निलंबित किए बगैर ड्यूटी पर लौटने को तैयार नहीं थे। आखिर में पुलिस ने डॉक्टरों की मांग को मान लिया।
कांस्टेबल के खिलाफ अन्य धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। डॉक्टर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले कांस्टेबल के खिलाफ ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ही डॉक्टरों ने हड़ताल का फैसला वापस लिया है।
बुधवार देर शाम रात्रि ड्यूटी पर तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य के साथ कांस्टेबल जितेंद्र कुमार ने बदसलूकी और मारपीट की थी। इसके बाद डॉक्टरों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। वीरवार से ओपीडी समेत आपातकालीन कक्ष में भी ड्यूटी न देने का एलान किया। रात को चंबा अस्पताल में उपायुक्त सुदेश मोख्टा समेत पुलिस अधिकारी पहुंच गए।
...
कांस्टेबल पर दर्ज हुआ है मामला : एएसपी
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि चंबा अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच बिठाई गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
...
निजी सुरक्षा एजेंसी के हवाले किया जाए अस्पताल : डॉ. चौहान
डॉक्टर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जीवानंद चौहान ने बताया कि गृहरक्षकों को हटाकर अस्पताल की सुरक्षा निजी सुरक्षा कर्मियों को देनी चाहिए। साथ ही अस्पताल में नियमित तौर पर गश्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के साथ ऐसे व्यवहार बर्दाश्त नहीं होंगे।
...
मरीज हुए परेशान
वीरवार को अस्पताल के सभी वार्डों में डॉक्टरों का राउंड भी दोपहर बाद भी ही शुरू हुआ। जबकि उपचाराधीन मरीज दोपहर तक डॉक्टर के आने का इंतजार करते रहे। ओपीडी में चेकअप करवाने पहुंचे लोग सुबह दस बजे से अपनी पर्ची बनाकर लाइनों में खड़े हो गए थे। लेकिन दोपहर तक ओपीडी में कोई भी डॉक्टर नहीं पहुंचा।