चंबा। नगर परिषद चंबा क्षेत्र में अब बिना अनुमति चौथी मंजिल का निर्माण करना संभव नहीं होगा। नगर परिषद ने एक अहम फैसला लेते हुए स्पष्ट किया है कि अब केवल तीन मंजिल तक ही भवन निर्माण की अनुमति दी जाएगी।
चौथी मंजिल के लिए अब एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेना अनिवार्य कर दिया गया है। नगर परिषद द्वारा हाल ही में ड्रोन सर्वे करवाया गया था, जिसमें यह पाया गया कि कई भवन मालिकों ने तीन मंजिल से अधिक का अवैध निर्माण कर रखा है। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर परिषद ने नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अब किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने तीन मंजिल से अधिक का निर्माण कर लिया है, उनसे दोगुना टैक्स वसूला जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई मकान मालिक बिना एनओसी चौथी मंजिल बनाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और निर्माण को तोड़ा भी जा सकता है। इस नियम का सख्ती से पालन करवाया जाएगा, ताकि शहर में अवैध निर्माण और अनियोजित विकास पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि चंबा शहर में लोगों ने बिना अनुमति के पांच से छह मंजिला मकान बनाए हैं जबकि, तीन मंजिल से अधिक मकान बनाने की अनुमति नगर परिषद ने नहीं दी थी। बावजूद इसके नियमों का पालन न करते हुए मकान के साथ होटल भी बना रखे हैं। ड्रोन सर्वे के दौरान पाया गया कि कई मकान बिना अनुमति के बनाए गए हैं। जिनसे अतिरिक्त हाऊस टैक्स वसूला जाएगा।