बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत शेरपुुर पुल को पार करते समय रावी नदी में गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार सुबह पेश आया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना खैरी से टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को रावी नदी से निकाला और पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने इस मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। मृतक की पहचान मस्तराम (60) गांव वासा ग्राम पंचायत शेरपुर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार मस्तराम सुबह घर से खैरी के लिए पैदल रवाना हुआ था। यहां किसी रिश्तेदार का देहांत हुआ था। मगर जैसे ही मस्तराम शेरपुर पुल को पार कर रहा था तो अनियंत्रित होकर रावी नदी में जा गिरा। इससे रावी में बहने से उसकी मौत हो गई। शेरपुर के ग्रामीण जब काम के लिए घर से निकले तो उन्होंने शेरपुर पुल के समीप रावी में एक शव देखा।
इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान और पुलिस थाना खैरी को दी गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद रावी से शव को निकाला गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया। यहां शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ खैरी नरूप गुलेरिया ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।