चंबा। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद चंबा में सरकारी स्कूलों में कक्षाएं शुरू करने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। स्कूलों ने एसओपी जारी कर दी है और विभाग को भी भेज दी है। स्कूल प्रभारियों द्वारा बनाई गई एसओपी के तहत स्कूल में प्रवेश करने से पहले थर्मल स्क्रीनिंग होगी। इसके बाद बच्चों को सैनिटाइजर उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा बीमार बच्चों के स्कूल में प्रवेश करने पर रोक रहेंगी। वहीं, दूसरी तरफ पांचवीं व आठवीं के विद्यार्थी पढ़ाई में पेश आ रही समस्याओं के निवारण के लिए अभिभावकों से अनुमति पत्र लेकर स्कूल आएंगे। स्कूलों की ओर से अलग-अलग कक्षाओं के लिए स्कूल में एंट्री के लिए अलग-अलग समयसारिणी तैयार की गई है। इसके अलावा कक्षाओं में बच्चों की संख्या अधिक होने की सूरत में स्कूलों द्वारा रोटेशन पॉलिसी भी लागू की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों को सख्त आदेश दिए हैं ताकि कोरोना गाइडलाइन की किसी भी सूरत में अवहेलना न हो सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला के 153 हाई व 84 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में बच्चे पढ़ाई करने आएंगे।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क का कहना है कि स्कूलों ने अपनी एसओपी भेज दी है। दो अगस्त से कक्षाएं शुरू होंगी। विभाग द्वारा स्कूलों की निगरानी भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीमार विद्यार्थी स्कूल आने से परहेज करें।