चंबा। जिले में 21 नवंबर को दो से 19 वर्ष की आयु वाले सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई जाएगी। दो वर्ष की आयु वाले बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तो उससे अधिक उम्र वाले बच्चों को एक गोली खिलाई जाएगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि 21 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है।
इसके अंतर्गत एक से 19 वर्ष की आयु वाले सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रक्त में डब्ल्यूबीसी की मात्रा कम होगी तो बच्चे के शरीर में मुख्यता उनके दिमाग में ऑक्सीजन की मात्रा अपेक्षित मात्रा से कम पहुंचती है। इससे बच्चे का शारीरिक और मानसिक विकास रुक जाता है। बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास ठीक से हो, इसके लिए सरकार के दिशा निर्देशानुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस हर साल मनाया जाता है।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली जरूर खिलाएं। यदि किसी कारणवश 21 नवंबर को बच्चा स्कूल नहीं गया है तो उसे 27 नवंबर को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों में आईएफए सिरप सप्ताह में दो बार, 5 से 10 साल तक के बच्चों के लिए आयरन की पीली गोली सप्ताह में एक बार जबकि 11 से 19 साल तक के बच्चों के लिए नीली गोली सप्ताह में एक बार दी जाती है।