चंबा। पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में मरीजों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता जांच करने के लिए प्राचार्य ने एमएस के साथ निरीक्षण किया। रसोईघर में जाकर सफाई व्यवस्था से लेकर अन्य बिंदुओं की जांच परख की गई। इस दौरान वहां काम करने वाले कर्मचारियों को मास्क, गल्व्ज और गुणवत्ता वाला खाना बनाने के निर्देश दिए गए।
सोमवार को जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने प्राचार्य से मरीजों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे और उसकी नियमित जांच करने को कहा था। ऐसे में मंगलवार को कार्यकारी प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप के साथ औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने रसोई घर के बाद वार्ड में जाकर खाने के संबंध में मरीजों से भी बातचीत की।
उन्होंने रसोई घर चलाने वाले संचालक को निर्देश दिए कि मरीजों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न करे। गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे।