चंबा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें शीतकालीन स्कूलों में छुट्टियों और बर्फबारी से पहले बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चि करें। यह निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारी पुखरी डॉ. नवदीप राठौर ने खंड स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी स्कूलों में बच्चों की जांच करके उनकी बीमारी का पता लगाकर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। सर्दी के स्कूल आगामी दिनों में बंद होने वाले हैं। ऐसे में स्कूलों के बंद होने से पहले बच्चों की स्वास्थ्य जांच होना आवश्यक है।
इसके अलावा उन्होंने फील्ड स्टाफ को यह निर्देश भी दिए कि वे गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण और टीकाकरण करवाएं। समय-समय पर चिकित्सक की जांच के लिए भी गर्भवतियों को जागरूक करें।
उन्होंने बैठक के दौरान सभी नेशनल प्रोग्राम की समीक्षा की। इसमें संबंधित स्टाफ को प्रगति रिपोर्ट बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएमओ की तरफ से उन्हें निर्देश मिले थे कि नेशनल प्रोग्राम को प्रगति बढ़ाने की जरूरत है। इसलिए फील्ड स्टाफ इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें। इसके अलावा टीबी को जड़ से मिटाने के लिए भी उन्होंने डॉक्टरों और फील्ड स्टाफ को जरूरी दिशा=निर्देश दिए हैं।