सलूणी(चंबा)। विकास खंड सलूणी की एक पंचायत के सचिव को चार्जशीट किया गया है। लंबे समय से पंचायत सचिव पंचायत घर और बीडीओ की बैठकों से नदारद ही चल रहा था। यहां तक कि एसडीएम सलूणी द्वारा बुलाई गई बैठक में भी पंचायत सचिव नहीं पहुंचा। जिस कारण शुक्रवार को पंचायत सचिव पर प्रशासनिक गाज गिर गई।
बताते चलें कि विकास खंड सलूणी के अधीन 43 पंचायतों में 40 पंचायत सचिव विकासात्मक कार्यों को देख रहे हैं। पंचायत कार्यों में होने वाले विकासात्मक कार्यों जैसे ग्राम सभा में डलने वाले शेल्फों को अनुमोदित करना, शेल्फ के लिए आने वाले बजट को खर्च करवाने का रिकॉर्ड रखना, आईआरडीपी, शादी प्रमाण पत्र देना इत्यादि शामिल हैं। कुल मिला कर पंचायत स्तर पर होने वाले हरेक कार्य का लेखा-जोखा पंचायत सचिव पर रहता है। बावजूद इसके विकास खंड सलूणी की एक पंचायत का सचिव पंचायत घर, बीडीओ कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में होने वाली बैठकों से नदारद चल रहा था। बीडीओ सलूणी द्वारा पंचायत सचिव को चार्जशीट किया गया।
बीडीओ सलूणी इंदू शर्मा ने बताया कि उक्त सचिव को चार्जशीट किया गया है। अब उक्त पंचायत सचिव का हेडक्वार्टर आगामी दिनों में निर्धारित किया जाएगा।