चंबा। थाना चंबा की पुलिस ने 18 दिन पहले किडनैप हुई नाबालिग को नेपाल से ढूंढ निकाला है। नाबालिग को किडनैप करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां पर उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। जिला मुख्यालय के साथ लगते इलाके में एक नाबालिग को एक युवक बहला फुसलाकर भगा लेकर गया था। इसको लेकर अठारह दिन पहले नाबालिग के परिजनों ने चंबा थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने नाबालिग को तलाश करना आरंभ किया। आरोपी के फोन लोकेशन का पता लगाकर पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। मगर उसकी लोकेशन बार-बार बदलने से पुलिस को उसे पकड़ने में परेशानी आ रही थी। कुछ दिन पहले पुलिस को आरोपी के नेपाल में होने की सूचना मिली।
इस आधार पर पुलिस की टीम नेपाल रवाना हुई। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने का पता लगाकर उसे वहां दबोच लिया। इसके साथ ही नाबालिग को भी ढूंढ निकाला। पुलिस ने नाबालिग को चंबा लाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। इस पूरे मामले में चंबा थाना के प्रभारी शकीनी कपूर टीम का मार्गदर्शन करते रहे। इसके परिणाम स्वरूप पुलिस टीम नाबालिग को ढूंढने में कामयाब रही।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि किडनैप नाबालिग को नेपाल से ढूंढ निकाला गया है। किडनैप करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।