चंबा। पुखरी-मसरूंड मार्ग पर भगड़ोता के पास जीप दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र किरपा राम निवासी गांव भगड़ोता डाकघर पुखरी के रूप में हुई है। जोकि रविवार रात करीब नौ बजे उपरोक्त स्थान पर जीप को मोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क का डंगा धंस गया।
इसकी वजह से गाड़ी खाई में जा गिरी। खाई में जीप के गिरने की आवाज को सुनकर आसपास के लोग भी वहां पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने खाई से चालक को निकाला। इससे पहले कि चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जाता, उसने दम तोड़ दिया।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही चंबा थाना से पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस हादसे के कारणों को लेकर छानबीन कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि मार्ग पर जीप दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।