सलूणी किहार चंबा। डांड सड़क मार्ग पर कशीरी के पास हुई कार दुर्घटना के दूसरे घायल ने भी टांडा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। इससे हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। सोमवार को हुई कार दुर्घटना में एक युवक ने किहार में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। जबकि दो अन्य घायलों का उपचार चल रहा था।
इसमें एक घायल इकबाल पुत्र फते मोहम्मद निवासी कशीरी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पहले किहार से चंबा और बाद में टांडा रेफर किया। मंगलवार सुबह टांडा में उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसा उस समय हुआ जब तीनों अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कशीरी गांव से कुछ दूरी पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद तीनों घायलों को ग्रामीणों ने उपचार के लिए किहार अस्पताल पहुंचाया था, जहां एक युवक की मौत हो गई थी जबकि अन्य दो घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। नायब तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को दस-दस हजार की फौरी राहत प्रदान की जाएगी। जबकि बाकि की राशि अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जारी की जाएगी। डीएसपी सलूणी राम करण राणा ने बताया कि कशीरी में हुई कार दुर्घटना के दूसरे घायल ने भी दम तोड़ दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।