चंबा। प्रदेश सरकार ने जिले के लिए चार और चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह जिले के बड़ी राहत की खबर है। इससे पहले भी पिछले आदेशों में सरकार ने जिले को तीन डॉक्टर दिए थे। कुछ दिन पहले प्रदेश सरकार ने आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज से पीजी करने करने वाले 200 विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती के आदेश जारी किए थे।
इसमें जिले को सिर्फ एक ही चिकित्सक दिया गया। इसको लेकर जब अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की तो सरकार ने दो दिन पहले तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों के चंबा जिले के लिए ऑर्डर निकाले।
अब बुधवार को सरकार ने चिकित्सकों की तैनाती में दोबारा से फेरबदल करते हुए जिले को चार और चिकित्सक दिए हैं। इससे जिले को स्वास्थ्य के नाम पर थोड़ी राहत जरूर मिली है। चंबा जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की भारी कमी चल रही है।
सरकार के जारी नए आदेशों के तहत जिले के सिविल अस्पताल सलूणी में एक, सिविल अस्पताल तीसा में दो और सिविल अस्पताल चुवाड़ी में एक विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती के आदेश किए गए हैं।
ये विशेषज्ञ जल्द ही उपरोक्त अस्पतालों में ज्वाइन करेंगे। हालांकि चंबा मेडिकल कॉलेज को अभी तक सरकार की ओर से कोई नया डॉक्टर नहीं मिला है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि चंबा मेडिकल कॉलेज में भी डॉक्टरों के ऑर्डर किए जाएं।