स्वच्छता अभियान पर फोटो छपवाने की होड़ सिर्फ एक ही दिन के लिए थी। अब दोबारा से शहर की सड़कें एक बार फिर कूड़े के ढेर में तबदील हो गई हैं। कई जगह कूड़े के ढेर लगे हैं तो मुख्य मार्ग पर ही नालियों की सफाई करने के बाद गंदगी को सड़क पर फेंक दिया गया है। रविवार को चंबा शहर देखने पहुंचे पर्यटकों को गंदगी के इस अंबार से सामना करना पड़ा।
रविवार को छुट्टी के चलते पूरा बाजार बंद था और इसी का फायदा उठाकर सफाई कर्मियों ने कूड़ा ही नहीं उठाया। संग्रहालय मार्ग पर चिल्ड्रन पार्क के पास कूड़े से लदा डंपर दिन भर पर्यटकों और स्थानीय लोगों का मुंह चिड़ाता रहा। वहीं पुलिस चौकी के सामने से कोर्ट परिसर तक नालियों से निकाली गई गंदगी के ढेर को किसी ने हटाने की जरूरत नहीं समझी। स्वच्छता के नाम पर इसी सप्ताह विशेष अभियान चलाया गया था। जिसमें न केवल प्रशासन बल्कि नगर परिषद, स्कूल, स्वयंसेवी संस्थाएं व अन्य तमाम विभाग शामिल हुए थे, लेकिन यह अभियान सिर्फ एक ही दिन में सिमट कर रह गया। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की है। लोगों रविंद्र सिंह किश्तबाड़िया, किशोर शर्मा, डॉ. शादी लाल शर्मा, ललित कुमार, राजकुमार, दलीप सिंह व बदेश्वर सिंह पठानिया ने बताया कि बारिश में नालियों का कीचड़ सड़क पर पहुंच जाता है और धूप में कूड़ेदान की बदबू से लोग परेशान हैं, लेकिन नगर परिषद सफाई कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
इनसेट...
भविष्य में ध्यान रखेंगे : नप अध्यक्ष
नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर का कहना है कि सफाई के टेंडर बुलाए गए हैं। जुलाई माह से नए सिरे से सफाई नए ठेकेदार के माध्यम से होगी। जिन लोगों को काम सौंपा गया है उन्हें शहर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो।