साल नाला के पास बंद पड़े चंबा-चकलू मार्ग को बहाल करने में जुटी जेसीबी।
- फोटो : Chamba
चंबा। जिले में पहाड़ दरकने का सिलसिला नहीं थम रहा है। आए दिन कोई न कोई सड़क भूस्खलन से बंद हो जाती है। बुधवार देर रात चंबा-चकलू मार्ग वाया कियाणी साल नाला के पास बंद हो गया। मार्ग पर गिरे मलबे और चट्टानों के कारण नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में चकलू, चंडी और लड़ोग के बाशिंदों को वाया कोटी से होकर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ा। वहीं, सूचना मिलने के बाद विभाग की लेबर और मशीनरी मौके पर पहुंची। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया था।
सड़क बंद होने से यातायात पर ब्रेक लग गई। यातायात ठप होने से देखते ही देखते मार्ग के दोनों किनारे छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऐसे में वीरवार की सुबह आधा दर्जन सरकारी और आठ निजी बसें भी मार्ग बंद होने से फंस गईं। काफी देर इंतजार के बाद भी मार्ग यातायात के लिए न खुलने पर उन्हें वाया कोटी होकर अपने गंतव्यों का रुख करना पड़ा। दिन भर लोनिवि की मशीनरी मार्ग को बहाल करने के लिए जुटी रही। लोनिवि के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि मार्ग बंद होने की सुचना मिलने के बाद लेबर और मशीनरी मौके पर भेजी गई है। कहा कि जल्द मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।