हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बणी माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर ढकोग-बणी मार्ग के औरा क्षेत्र के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे में कार में सवार 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मशाला से एक परिवार बणी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए भरमौर आया था। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सभी लोग कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढकोग-बणी मार्ग पर औरा के समीप अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर वाहन पर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठी 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार अन्य लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायल बच्ची को कार से बाहर निकालकर दूसरे वाहन की मदद से सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।