बचत भवन चंबा में बाल संरक्षण से संबंधित समस्याएं सूनती डॉ दिव्या गुप्ता।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य डॉ. दिव्या गुप्ता ने की यह बैठक
बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित आई 29 शिकायतें, अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा में शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों के प्रमाण पत्र नहीं बन रहे है। इसके चलते बच्चों को काफी परेशानियां पेश आ रही है। उन्हें सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई बार अभिभावक बच्चों को लेकर अस्पताल जा रहे है। मगर चिकित्सक न होने के कारण उनके प्रमाण पत्र नहीं बन रहे है। यह मामला बचत भवन चंबा में बाल संरक्षण शिकायत निवारण समिति की बैठक के दौरान उठा। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य डॉ. दिव्या गुप्ता ने की।
बैठक के दौरान उन्होंने बच्चों की समस्याओं को सूना और मौके पर ही इन समस्याओं का समाधान करने के निर्देश विभिन्न विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में सामने आया है कि एक स्कूल द्वारा शारीरिक रूप से अक्षम बच्चे को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इस मामले का भी डॉ. दिव्या गुप्ता ने कड़ा संज्ञान लिया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस बच्चे को प्रवेश देने बारे कहा। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़ी करीब 29 शिकायतें सामने आई। डॉ दिव्या गुप्ता ने कहा कि कई बार चिकित्सक होने के चलते प्रमाण पत्र बनाने बारे परेशानियां आती है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष शिविरों का आयोजन कर मौके पर ही अक्षम बच्चों के प्रमाण पत्र बनाएं। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बाल संरक्षण से जुडे मामलों पर लेटलतीफी न बरतें। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्हें चिल्ली स्थित बालिका आश्रम का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं की जांच परख की। इस दौरान दिखी खामियों को बिना विलंब दुरूस्त करने के निर्देश दिए।