पठानकोट-भरमौर मार्ग पर एनएचएआई ने शुरू किया पैचवर्क, गुणवत्ता पर टिकी लोगों की नजर
सात साल बाद सड़क की मरम्मत, टिकाऊपन पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों को भरने के लिए एनएचएआई ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, इस बार गड्ढों में तारकोल के बजाय सीमेंट और बजरी का इस्तेमाल किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है।
लोगों का कहना है कि हाईवे पर करीब सात साल पहले तारकोल बिछाई गई थी। अब सड़क की खस्ताहालत के चलते जगह-जगह पैचवर्क किया जा रहा है।
स्थानीय निवासी रोशन लाल, शम्मी कुमार, अजय कुमार, राहुल कुमार, अमरजीत सिंह, राज कुमार, रमेश कुमार और दिनेश कुमार ने कहा कि हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। खासकर दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा है। उन्होंने मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने और पैचवर्क को टिकाऊ बनाने की मांग की, ताकि बार-बार सड़क की मरम्मत की जरूरत न पड़े। उधर, एनएचएआई के साइट इंचार्ज साहिल ने बताया कि हाईवे पर गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्य गुणवत्तापूर्वक करवाने की बात कही।